रविवार, 26 अप्रैल 2020

दरिया

दरिया के इस पार थे लेकर नाम तुम्हारा
दरिया से उस पार को चले लेकर नाम तुम्हारा
जाना तुम्हें माझी
मगर तुम सैलाब निकले
डूबे फ़िर मझधार में भी
लेकर नाम तुम्हारा
सांसें भी टूटी
हिम्मत भी छूटी
बस फिर तिनके के सहारे
पार कर लगाया किनारा
ख़ामोश थे फ़िर भी
दुआ पढ़ी थी तब भी
एक नाम तुम्हारा
इस पार आके जो देखा पीछे तो
दरिया कहीं नहीं था
ना कहीं था किनारा
मुस्कुराए ख़ुद पे और देखा आईना
ख़ुद अब हम दरिया हैं
और लहरों पर है चेहरा तुम्हारा
किनारे पर लिखी है चेतावनी
कि दरिया गहरा है कितना
और उसके भी उप्पर है
नाम तुम्हारा।




सौम्या वफ़ा।©

तेरा तुझको अर्पण

सांसों का तेरी मैं चढ़ाऊंगी धतूरा
तुम मेरी सांसों का पी लेना महुआ
डोलेंगे हम फिर पंख लगाए
जैसे माटी उड़े बनके धुआं
खींच लेना अपनी पलकों से तुम
मेरी सांस सांस का हर तार
नील भरना रात भर
 तुम नीली रात में
रात भर रंगू मैं सफेद चादर
 गाढ़ी लाल
भोर हो फिर जब सूरज उगे
धारा बन जाऊं मैं
और कर देना तुम जल का तरपन
दुपहरी तक फिर निपट जाएंगे
सारे जग के काज
मैं महकूंगी तो तुम जलना जैसे कपूर
और तुम जलो तो महकुंगी मैं जैसे
बरसों की छिपी कस्तूर
तुम धूप ढले तो बन जाना शिवालय
मैं मलूं तुमको घी और चन्दन
तुम माथे मेरे मलना कुमकुम
तुम पीसना दो पाटों में हल्दी
और
मैं भर लूंगी दो हाथों में मेहंदी
दे देना आवाज़ हवा को
तैयार हो जाए जब डोली
बुला लाना तारों को भी
मंगवा लाना चंदा की थाल
जब तक उतरे गोधूलि
फिर और रह ना जाएगा
 दीन दस्तूर का
कोई भी काम काज
और शाम ढले तक उठेगी जब डोली
एक ही होगा सत्य जैसे राम नाम
और सत्य सब जान के सारा
तोड़ चलूंगी मोह के बंधन
सौंपूंगी तुझको जो है तेरा
मुक्त हो के करूंगी
तेरा सब तुझको अर्पण।।



@सौम्या वफ़ा।©

(तेरा तुझको अर्पण, अर्पण और तर्पण दोनों ३० जनवरी २०२० को ही कर दिया था। प्रेम में श्राद्ध।)

दूर कहीं

दूर कहीं उड़ती हवा ने जाने क्यों
घर बसाने का सोचा
हवा का घरौंदा आकाश पर ही हो सकता है
ये कहकर एक दिन आकाश ने हवा को
बादलों से ये संदेसा भेजा
हवा हैरानी सी बहती
आकाश को निहारती रही
हवा उड़ती रही तो
आकाश भी साथ बहने लगा
हवा को लगा
अब तो तूफ़ानों से फ़ुरसत मिलेगी
अब तो मैं भी चैन से दो घड़ी बैठकर
कुछ हवा ले सकूंगी
कुछ सांसें भर सकूंगी
आकाश ने हवा से
जीवन भर हवा और हैरानी
का वादा कर के
बादलों पर उसके संग घर बना लिया
लेकिन जब बादल छाते तो आकाश गायब हो जाता
जब हवा बहती तो बादल बिखर जाता
हवा जतन करती रहती और घर बिखरता जाता
ना बादल ही थमते ना आकाश ही नज़र आता
और आकाश दूर पसरा
अपने ही हाथों बनाया
 ये बसने बिखरने का
तमाशा
अपने ही आंगन में देखता जाता
हवा में फिर एक दिन भयानक तूफ़ान आया
हवा हैरान सी आ गई धरती पर
और साथ ही उसके
आ गया धरती पर सारा जीवन
अब हवा जीवन बनकर बहती है धरती पर
और आकाश दूर कहीं शून्य सा
खड़ा रहता है निर्जन।


सौम्या वफ़ा।©

हवा और हैरानी

हवा से कहो अब हवा हवा हो गई है
और हैरानी ने हैरान होकर
दम है तोड़ दिया
कोई आकर आग़ से कह दो
कि अब पिघला कर बुझा दे
ये बेवजह फड़फड़ाती
रोशनी की लौ
ये मचलती है तो
खामखां तड़पते हैं कुछ
चेहरे रंगों के
एक जली जली सी बू
आती है
कुछ पाक वफ़ा पे
नापाक इरादों के
और खामखां ही भभक पड़ती है
एक जानी पहचानी ख़ुशबू
वो ख़ुशबू जो कभी
इत्र थी मेरे बदन का
मगर आज
 बस लिबास है एक सितम का
बुझेगी ये तो वो
वो परछाई भी बुझ जाएगी
जो बिना पूछे ही आकर दीवारों पर
 यूं पसर जाती है
जैसे मानो घर हो उसी का
ये मनमानी ना रोशनी की
ना परछाई की अब चलेगी
ना ही तो ये घर है उस परछाई का
ना ही तो अब हक़ है उसे रोशनी का।



सौम्या वफ़ा।©


कश्ती

इंतज़ार में है कश्ती ,
कि कब आएगा रे माझी
रंग सुर्ख़ सजा के क्या?
जो चढ़े ना समंदर का पानी
कश्ती, कश्ती है
बहती है या टूटी है,
कश्ती जो बांधी किनारे से
तो बुझी उसकी कहानी;
लहरों से है इश्क़ जिसे
उसे यूं किनारे पे
ना डुबा रे माझी!


सौम्या वफ़ा।©

शनिवार, 25 अप्रैल 2020

कुछ ख़ुदा कुछ काफ़िर

ख़ुदा की लिखी डायरी
ज़िन्दगी हो गई
और ख़ुद की लिखी ज़िन्दगी
डायरी बन गई
उसने जब लिखी तो ख़ाली छोड़ दी
कि आगे के पन्ने हम भरेंगे
हमने जब लिखी तो ये समझ कर
कोरी छोड़ दी
कि बाकी के पन्ने वो भरेगा
अब बचे हुए पन्नों पर
कुछ नाम ख़ुदा
कुछ नाम काफ़िर होगा
उसके लिखे पन्नों पर ज़िन्दगी
हमारे लिखे पन्नों पर ख़ुदा होगा
हम लिखेंगे तो ख़ुल्द कहलाएगी
वो लिखेगा तो उस पर नाम ए 'वफ़ा 'होगा



सौम्या वफ़ा।©

रविवार, 19 अप्रैल 2020

प्रेम है खेल नहीं





अधूरा हो या पूरा हो
पर प्रेम प्रेम है
तो प्रेम हो तो सही
खेल खेल में खेल ही खेल है
खेल खेल में प्रेम नहीं
प्रेम सीधी सरल भासा एक
बनाओ ना इसे अबूझ पहेली
प्रेम है तो खेल नहीं
खेल है तो प्रेम नहीं
मन जाने तो जान ले
जाने ना संसार
जो जानो ऐसा तो
जान लो इसे प्रेम सही
ये प्रेम है कोई खेल नहीं
जो जाने जग सारा
पर जाने ना मन का आभास
तो जान लो इसे खेल गहरा
ये गहरा खेल है,
गहरा प्रेम नहीं
खेल खेल में गंवाए वही
जो डाले जाल फंद का डेरा
 प्रेम प्रेम के जोग में
 तर जाए वही
जो तप में रम कर
रह जाए बस खरा सोना
 प्रेम प्रेम है तो
प्रेम हो तो सही
खेल खेल में खेल ही खेल है
खेल खेल में प्रेम नहीं।


सौम्या वफ़ा।©