सोमवार, 14 सितंबर 2020

दिन भर जहां रात को घर चाहिए

 दिन भर जहां रात को घर चाहिए

इस छोटे से जी को जाने क्या क्या चाहिए

मुठ्ठी में सिमटा है समन्दर सारा

मगर लहरों से करवटें नहीं

मीठे सुखन चाहिए

मानो अनहोनी से कोई होनी चाहिए

थक गए हैं क़दम

मगर ख़तम ना हो 

ऐसा कोई सफ़र चाहिए

इस छोटे से जी को जाने क्या क्या चाहिए

डाले है डेरा दर बा दर

कभी ख़ामोश, कभी बवंडर

बेघर मुसाफ़िर को

राह भर में दर चाहिए

दिन भर जहां

रात को घर चाहिए;

जहां भर का मुझ पर 

तारी रहा है असर

अब आया है वो मक़ाम

जहां मुझे अब 

पता एक बेखबर चाहिए

जहां भर से जुदा

उम्र एक बेअसर चाहिए

बुलंद हो मेरी राह की वो इब्तेदा

जहां दिल को सुकूं ओ ज़फ़र चाहिए

दिन भर जहां रात को घर चाहिए

इस छोटे से जी को जाने क्या क्या चाहिए।

दिन भर जहां रात को घर चाहिए।


सौम्या वफ़ा।©


शुक्रवार, 11 सितंबर 2020

वफ़ा

 तेरे मेरे बीच दायरा

दुनिया के दस्तूरों का है

ये फा़सला मीलों का नहीं

चंद फ़ैसलों का है

वफ़ा की क़ीमत 

हर बार अदा नहीं होती मुहब्बत से

ये बेवफ़ाई नारसाई की फ़ितरत सा है

जो है आज यहीं है

कल के अरमानों की जेबों में

सिक्का सिर्फ़ कसूरों का है

आज है तो जी लो

कल को रिश्ता सिर्फ़

तोहमतों का है

ना हम दिल लगाएं

ना तुम करो दिल्लगी

ज़िन्दगी की क़ैद में

चंद घड़ी को जीना

मोहलतों सा है

दो सांस में बांट लो उम्र आधी आधी

कि मुहब्बत से ख़ाली दुनिया

 ढूंडती है मशगूली में मुहब्बत

मुहब्बत काम बड़ी फु़रसतों का है।


सौम्या वफ़ा।©


गुरुवार, 20 अगस्त 2020

बदलते मौसम

 हमेशा शिकायतें ही रही हैं बदलते मौसमों से 

या  दो घड़ी  को ठहर कर कभी हाल लिया है 

 मौसमों की आरज़ू का 

बिना बासी  सी ख़बरों पे 

नजऱें  डाले हुए 

जिया है साथ कभी मौसमों की चाहत के 

अपनी हसरतों का साथ 

मौसम के हाथों में डाले हुए 

आयी है क्या तुम्हारे भी आँगन में कभी बरसात 

बिना छतरी की परवाह किये 

बेपरवाह फुहारें बरसाते हुए

खींची है कांच पे उँगलियों से कोई तस्वीर 

बिना वो नाम बताये हुए 

साथ में जिसके भरी हों 

चाय की चुस्कियां 

आँखों के कोनों से शर्माते हुए 

कभी ठण्ड में बितायी है रात गरम सी 

बिना ऊनी दुशालों के

काटी है कोई रात ठण्ड से अकड़ती गलियों में 

बिना सिगरेट पिए ही 

धुएं के छल्ले उड़ाते हुए 

तपती गर्मी का इंतज़ार किया है कभी 

उन हाथों के लिए,

जो बनाते हैं ठन्डे 

 खस - ग़ुलाब  के शरबत 

वो आते हैं तो साथ लाते हैं 

अपनी भीनी भीनी खुशबु 

बिना खुद को 

सेंट की बोतलों  में छुपाये हुए  

जिनके ज़रा नज़र हटाने पे 

साँसों में उतार लेते हैं 

उन्हीं की खुशबु 

उनके दुपट्टों या रूमालों से

और वो देखें तो कह दें 

कुछ नहीं,

बस बात कर रहे थे ख़्यालों  से ! 

बहारों में देखें हैं सिर्फ़ 

घर से बाहर ही गुलिस्तां 

या देखे हैं वो गजरे 

जो मुरझा गए हैं रखे रखे फ्रिज में 

किसी के भूल जाने से 

और बढ़ाया हो अपना हाथ

 किसी अपने को 

उसकी अपनी ही भूली खुशबु 

तरोताज़ा लौटाने में

और आयी हों जब तेज़ आंधियां 

तो समेट  लिया हो किसी को अपनी बाहों में 

 नशेमन की नींव बनाते हुए  

हमेशा शिकायतें ही रही हैं बदलते मौसमों से 

या  दो घड़ी  को ठहर कर कभी हाल लिया है 

 मौसमों की आरज़ू का 

बिना बासी  सी ख़बरों पे 

नजऱें  डाले हुए?!!.... 


सौम्या वफ़ा। © 


  

अब्र

 प्यासे हमेशा ही भटके रहे हो

या फिर पिया है कभी जी भरकर 

कहीं उड़ते चले जा रहे अब्रों को?

बिना किसी से कहे जलते रहे हो सदा 

अनकही बातों में; 

या फिर कभी सीपीयों की तरह समेटी हैं 

ठंडी बूँदें सुलग रहे पोरों में, 

और महसूस किया है बरसों से जलते ज़ख्मों का 

आहिस्ते आहिस्ते ठण्ड में डूबते जाना; 

और हर डुबकी के साथ 

नया बनके  उभरते आना, 

या फिर यूँ ही छोड़ दिया था 

ठण्ड में, 

ठिठुरते दिल को बिना अपनी 

हथेली की नरम गर्मी दिए; 

सीत भरे कोनों में ?

कभी जब बहुत उमस बढ़ गयी हो 

और लगा हो की अब दम घुटा की तब 

तो क्या खोली थी, 

कोई खिड़की बंद पड़े कमरों में 

या यूँ ही छोड़ दिया था मासूम जान को 

खोने के लिए; 

किसी और का होने में? 

या गले लगाया था उस दिन ख़ुद  को, 

ख़ुद  को पा लेने में! 

और उतरी थी बहार फिर से जब 

सूने पड़े आँगन में 

तो चमन को कह दिया था ख़ुदा हाफ़िज़, 

फिर मिलेंगे किसी और बहाने से 

या फिर बोये थे बीज मोगरे के; 

और साफ़ किये थे इंतज़ार में रखे प्याले, 

किसी नए अफ़सानानिग़ार  की दावत को 

प्यासे हमेशा ही भटके रहे हो

या फिर पिया है कभी जी भरकर 

कहीं उड़ते चले जा रहे अब्रों को?... 


सौम्या वफ़ा। ©


मंगलवार, 18 अगस्त 2020

मन मलंगी

 मन मलंगी की धुन अतरंगी 

जहाँ जाए जहां में 

देखे ख़्वाब सतरंगी 

उड़े मन मतवाला बन 

क़ाग़ज़ पतंगी 

मन की सुन लेना 

मन जो भी बोले 

मन ही जाने तेरी पीर 

मन की माने राजा है 

मन  की ना माने फ़कीर 

मन है  मन का

जिधर ठहर जाए    

उधर ही रमा ले  धूनी 

जाने जग जोगिया 

जोगी जाने मन को रोगी 

किस ठौर मिले ठंडी छाँव 

किस ठौर जलेंगे धूप  में पाँव 

कभी तिनके के सहारे 

 बुझा ले प्यास 

कभी नदिया किनारे 

प्यास रह जाए प्यासी 

मन का  भेद मन ही जाने 

मन रांझा मन हीर

मन बावला बंजारा 

मन ही सूफ़ी  पीर 

कभी बाजे मन में  इकतारा 

कभी बाजे सारंगी 

कभी ख़ामोशी से  रुक जाए 

 मन तक आती सदा हमरंगी 

मीठा लागे जी को घर का बासी 

लागे फीका जगमग जग में 

घर का वासी 

दिसा  भूले 

भटके मारा मारा 

कभी बैठे डेहरिया पे 

बाट जोए बटोही 

ठोकर खा के मिलेगी 

राह राही 

भटक के मिलेगी मंज़िल 

जाना चाहे जिधर भी मन, 

चल देना 

थामे सूने हाथ में अपना ही हाथ 

ठहर गया जो साथ की चाह  में 

 बिछुरी उसकी  चदरिया सुनहली 

जो मन ने खोया जग में 

जो पाया जग में मन ने 

जग को देते जाना 

खाली हाथ आये थे 

खाली मन ना जाना 

ठाठ बाठ  की बांधे गठरी 

ढोता है काहे बोझ बेरंगी 

बोझा छोड़ राह में 

मंज़िल को दौड़ लगाना 

दिल में आग लगा के 

मन को पंख लगाना 

भूल के सब काज बेनामी 

सरसरा के उड़ जाना 

भूल के जगवा अनारी 

मन को मन का दाता  माने 

मनका मनका फेरे जाना 

जग के मोह में मूरख तू 

जागे ना सोये 

जगवा भरम की फेरी रंगीली 

जग बौराये तो होये सब मैला  

मन बौराये तो उजियाला 

होये बैरागी 

मन की सुन लेना 

मन जो भी बोले 

मन ही जाने तेरी पीर 

मन का मनका फेर तू 

मन को लेना जीत 

मन मलंगी की धुन अतरंगी 

जहाँ जाए जहां  में 

देखे ख़्वाब  सतरंगी 

मन की सुन लेना 

मन जो भी बोले 

मन ही जाने तेरी पीर। 


सौम्या वफ़ा। ©





 

हमनवा ही रक़ीब था

 मोहब्बत  तो हमारी थी 

उनका फ़रेब था 

वक़्त सारा 

वफ़ा सारी 

अर्थी को चढ़ा दहेज़ था 

इश्क़ हमारा हैरानी 

कारनामा उनका हैरतअंगेज़ था 

लम्हों को समझे साज़ थे हम 

उनका तो सब दांवपेंच था 

रंग उतर कर हो गया था 

पानी पानी 

खाली हाथ खड़ा रंगों को रोता 

रंगरेज़ था 

दांव पड़  गए थे उलटे सब 

बाज़ीगर के 

जादूगर की टोपी से 

जादू सारा छूमंतर था 

बहरूपिये के मंच पर गिरा पर्दा

छिपा खेल था जगजाहिर 

मगर आख़िर  था 

रांझे ने ही 

लूट लिया था  हीर को 

हमराही ही रहज़न 

हमनवा ही रक़ीब था 

मोहब्बत  तो हमारी थी 

उनका फ़रेब  था। 


सौम्या वफ़ा। ©




शनिवार, 15 अगस्त 2020

जिए अमन तेरे आँगन का !

 क्या हुआ था क्या क्या हुआ था 

के अमन के सीने को चाक दुश्मन ने किया था 

 उस रात जो सोयीं थीं चादरें खींचे 

 मुँह तक जाने कितनी  जानें 

भूल सारे ग़म भूल सारे बहाने 

आयी थी  सुबह लेके पैग़ाम 

जिसपे लिखे थे फ़साने 

पहली आज़ादी के 

 क़ुर्बान हुयी जिसपे 

जाने कितनी आग़ 

यहाँ से वहां तलक लाल आब 

बहते क़िस्सों से लबालब लाल 

पलटी सूरतों से पटी चेनाब 

तिरंगे पे बरसी थी पिचकारी लहू की 

नाम लिखने को आज़ादी के,

आज़ादी ये तेरी, आज़ादी ये मेरी 

 विरासत तेरी है,अमानत है मेरी   

इस आज़ादी पे नाम लिखे हैं 

 ढेरों शहादत के, गुमनामी के 

जलते रहें  शान से चिराग़ इसके  

कीमतें चुकाई थीं पीढ़ियों को 

पहले  पहले पर फड़फड़ाने को जाने 

कितनी बुझ चलीं उड़ानों ने 

दिलो जान से खिले 

दुनिया के चेहरे पे लेके अमन 

गुलिस्तां बनके मेरा आज़ाद वतन 

देके संदेसा गुज़र  गयी 

लहर वो उबलते एहसासों की 

आज़ाद हो तुम आज़ाद ही रहो 

ऊंची रहे सदा तेरी आज़ादी की 

नस नस दौड़ती रहे  साथ इसके  

चाहे कितने ही हों  गिले शिकवे 

चाहे कितने ही हों एक दूजे से 

हम जुदा 

धड़कन दौड़ लगाती रहे 

नाम से तेरे  

जो लहराए आसमान पे सरमौर सा 

तिरंगा 

खून तेरा ख़ून मेरा 

सांस तेरी सांस मेरी 

एक ही रंग है 

एक ही है सबा  

जियूं जब तलक मैं 

जिए तुझसे मेरी वफ़ा 

ये मुल्क है मोहोब्बत और अमन का 

जीती रहे  तेरी मोहोब्बत मुझसे 

जीता  रहे अमन तेरे आँगन का 

जीती  रहे तेरे सदके में हर दुआ  

जीते दिलों का दिलों से मेल 

जीते क़ुर्बान इस्पे हर रूह का चैन 

जिए तेरी मोहोब्बत मुझसे 

जिए अमन तेरे आँगन का 

के जियूं जब तलक 

 जाने जहाँ इस  

 बेगाने को तेरे नाम से 

के जाऊं जहाँ से जब 

तो गाये ज़माना तुझपे लिखे 

मेरे तराने

के खुशबाग़ खिले खिलता रहे 

महके तेरी गोद में 

फूलों सा हर चेहरा 

मिटटी से इसकी लहराता रहे 

बोये हर बीज का दाना 

शाद  रहे आबाद रहे 

वतन मेरे तेरा आबदाना 

जिए तेरी मोहोब्बत मुझसे 

जिए अमन तेरे आँगन का

क़ायम रहे जहाँ में तेरी सदा 

ऊंची है उड़ान ऊंची रहे तेरी 

रोशन है रोशन रहे 

लौ तेरी आज़ादी की 

रोशन है रोशन रहे 

लौ  तेरी आज़ादी की

 जिए तेरी मोहोब्बत मुझसे 

जिए अमन तेरे आँगन का

सर उठाये ना उठे अब दुश्मन का 

अमन के पैग़ामों पे नाम लिखा हो मेरे वतन का !

जिए तेरी मोहोब्बत मुझसे 

जिए अमन तेरे आँगन का !


(मेरे दिलो जान, मेरी रूह मेरे वतन को मेरी अदनी सी भेंट तेरी आज़ादी रहे क़ायम , तुझपे रहूं मैं क़ुर्बान, तेरे नाम रहे हमेशा मेरी वफ़ा !।)
सौम्या वफ़ा। ©