शुक्रवार, 19 फ़रवरी 2021

चिराग़

 एक रात एक चिराग़ को 

पंख लग गए

और वो धुआं बनकर उड़ गया।

सौम्या वफ़ा '०'।


शनिवार, 13 फ़रवरी 2021

सत्य, प्रेम और माया

 जो कर रहा हो मन को मोहित

वहीं अक्सर होता है,

मन शोषित

जहां ज़ुबान में है

ज़रूरत से ज़्यादा मिश्री

वहीं मीठा ज़हर भी होता है

होती है जहां चुप्पी ज़रूरत से ज़्यादा

वहीं कोई अंदर से खोखला और ख़ाली होता है

लगती है जहां अक्सर शांत सी कोई झील

वहीं धोखा होता है

प्रेम और माया में फ़र्क है यही

प्रेम समय के साथ खिलता चला जाता है

और माया झड़कर बिखर जाती है।


सौम्या वफ़ा।० ©

गुरुवार, 11 फ़रवरी 2021

कनक

 "वो जानती ना थी और कुछ

बस सूरज को पोर पोर पीना

और चांद को घूंट घूंट

काया उसकी ऐसे ही कारिख हुई

और मन

उजियारा कनक।"



सौम्या वफ़ा।©

उरूज

 सफ़र शुरु किया था

मुसाफ़िरों सा

बिगड़ गया था हाल मेरा,

ज़माने में

 काफ़िरों सा

हम तंग थे मगर

कलाकार थे

कुछ और ना सही

अपनी राह के शहकार थे

जाने क्या क्या चाहत थी

जाने क्या क्या हसरत थी

मिट गई सब दूधिया धुंधलके में

मंज़िल पे हक़ीक़त

शम्स सी नुमायां थी

ना कुछ चाहत थी

ना कोई हसरत थी

थी बस एक शिद्दत भरी कोशिश

है बस एक मुद्दत रंगी कोशिश

भटके मुसाफ़िर से राह हो जाने की

राह की निग़ाह हो जाने की

 उरूज पे पहुंच के

इंसां हो जाने की

उरूज पे पहुंच के

इंसां हो जाने की।



सौम्या वफ़ा।©






शुक्रवार, 15 जनवरी 2021

पलकें, सितारे और दुआ

 अपनी पलकों से टूट के ख़्वाब

 दुआ बन जाते हैं

हथेली पे रखे बुझे से चिराग़

फूंकों में रोशन हो जाते हैं

किसी की टूटी पलकों पे

किसी के ख़्वाब जगमगाते हैं

वो ख्वाब फ़िर,

किसी की दुआ बन जाते हैं

और किसी की दुआ

किसी की मन्नतों का हासिल हो जाते हैं

किसी के हासिल में

किसी के टूटे अफ़कार चमक बढ़ाते हैं

क़ायनात के जादू में

जितने टूटते हैं सितारे

उतने ही मुकम्मल होते हैं और

मुराद बन जाते हैं

उन मुकम्मल जहानों पर

कितने और

नए सितारे जड़ जाते हैं

अपनी पलकों से टूट के ख़्वाब

दुआ बन जाते हैं

सितारे हैं, पलके हैं

ख़्वाब हैं कि अश्क़

फ़र्क कहां कर पाते हैं

ये मिलके सब 

अशफ़ाक़ हो जाते हैं

जम जम का पाक़

आबशार हो जाते हैं

चमकते हैं, टूटते हैं

गिरते हैं और फ़िर

ज़र्रा ज़र्रा हो जाते हैं

अपनी पलकों से टूट के ख़्वाब

दुआ बन जाते हैं

अपनी पलकों से टूट के ख़्वाब

दुआ बन जाते हैं।



सौम्या वफ़ा।©०

शुक्रवार, 18 दिसंबर 2020

जीवन

 आंखों में तुमको भर मैं

 तुम तक चलती जाती हूं

 साथ साथ मेरे

एक एक कण में तुम हीरे सा छलछलाते हो

मैं एक बार आंखों में

जीवन का पानी भरती हूं

और तुम अमृत बन

हज़ार बार चमक जाते हो

कैसे है यों

कि तुम जितने हो सफेद उतने ही रंगीन भी

कि तभी रोशनी का क़तरा कहलाते हो

मैं बार बार बनके बिगड़ती बिखरती

फ़िर बन संवर जाती हूं

और मेरे बिखरने पे तुम

 हज़ार दरपन बन जाते हो

मेरे बनने में मुझसे एक हो जाते हो

मैं देखती हूं ख़ुद को बैठे बैठे यूं ही

तुम मेरे पोरों से बिखर 

किरनें अनगिनत हो जाते हो

मैं निहारती हूं तुमको

तुम किरकिरे कतरों से

चिकना दर्पण बन जाते हो

मैं ढलती हूं

उम्र चढ़ती है

और तुम सूरज बन जगमगाते हो

कैसा जादू है कुदरत का

जितने पुराने हो

उतने ही नए होते जाते हो

अपने नए रंगों से

मुझको भी नया रंग जाते हो

ख़ुद की सूरत जो कभी थी कहीं

वो अब पहचानी जाती नहीं

हां मगर आइने से तुम

किसी नूर सा मुझपे चढ़ते जाते हो

मैं थमूं तो

 मुझे भी संग संग बहाते हो

 जीवन तुम ऐसे ही सदियों से

 मुझमें अविरल बहते जाते हो

 तुम सन्यासी के तप का फूल बन

 मुझमें योग का बीज जमाते हो

 मैं प्रेम करती हूं

 और तुम मुझे प्रेम सिखाते हो

 जीवन तुम ऐसे ही सदियों से

 मुझमें अविरल बहते जाते हो

 एक एक कण में तुम हीरे सा छलछलाते हो।


सौम्या वफ़ा।©



बुधवार, 16 दिसंबर 2020

इबादत

 ख़ामोश बैठ कहीं

 कोई इबादत लिखूं

 माथे पे बहती नदी की

 एक लकीर खींच

 कोई नई इबारत लिखूं

 ज़मीं पे पसरी दहलीज़ों को

 ज़मीं में मिला, उनपे 

जीने की इजाज़त लिखूं

 मैं हर ज़र्रे की कोरी स्लेटों पर,

 मुहब्बत की आदत लिखूं

 ज़िन्दगी हो फ़लसफ़ा,

 और मैं उसपे 

 इनायत लिखूं

 ख़ामोश बैठ कहीं

 कोई इबादत लिखूं।


सौम्या वफ़ा।०