शुक्रवार, 15 मई 2020

कुछ हवा कुछ हैरानी


तुम ठंडी ठंडी सी बहती हवा
और मैं लहराकर उमड़ता पानी
तुम शान्त सहज शीतल सी चितवन
मैं बिखरी बिखरी सिमटी सी सुंदर
तुम चित्त शून्य एक
मैं महके महके रंग अनन्त
तुम सुलझी सुलझी सी उलझन
मैं उलझी उलझी सी सीधी सरल
तुम नील गगन के पन्ने अनेक
मैं उससे बरसती स्याही
तुम थोड़े सच्चे झूठे मौजी मगन
मैं कच्ची पक्की सी सच्ची लगन
मैं तुम्हारी जली बुझी सी धूनी की लौ
तुम मेरी भीगी भीगी
भीनी सी हैरानी
तुम ठंडी ठंडी सी हवा
और मैं लहराकर उमड़ता पानी।





सौम्या वफ़ा।©
(26.4.2020)

शब्दों का जादूगर

वो शब्दों का जादूगर था
शब्दों के लिए जज़्बातों को बेच आया था
उधारी पर बड़े बड़े तोहफ़े खूब लाया था
जिगरा तो था ही नहीं ,
 दिल भी गिरवी रख आया था
 बहानों की लंबी चौड़ी फ़ेहरिस्त भी
 ज़ुबान पर उतार लाया था
 उसके दिल में क्या था वो ही जाने
 या राम जाने
 जिस राम का ढोंग वो
 कृष्ण से कर आया था
 चढ़ाने को जिस्म की अंगीठी पर
 राशन भरपूर लाया था
 मगर दिल की अधगली दाल में
 पंसारी से कंकड़ भरवा आया था
 सौदे का खरा था
 इरादों का नहीं
 लेकर प्यार का सारा
 कच्चा माल
  चौगुने मोल में
 पैकिंग नई कर के देता जा रहा था
 कोरे पन्नों को शुरू शुरू में पैकिंग
 का नया रंग
 दिलो जान से भाया था
 रंग उतरा तो अन्दर
 सब निल बटे सन्नाटा छाया था
 बड़बोली उसकी शब्दों की
 दुकान पर मैंने उस दिन
 अलीगढ़ी ताला पाया था
 सुना है अपने ही घर उसने चोरी की थी
 और वहीं बिस्तर पर
 मेरा प्यार बिसरा आया था
 उसके हाथ में मैंने
  अपने घर की चाबी दी थी
 वो जाने कहां गिरा आया था
 जादूगर से वो सीधा बन गया जोगी
 लेकर गायब हो गया था
 मेरे खज़ाने भरी तिज़ोरी
 कर के सच की बत्ती गुल
 अंधेरे की धूल आंखों में झोंक कर
 वो सबको अंधा कर आया था
 वो शब्दों का जादूगर था
 शब्दों के लिए
 जज़्बातों को बेच आया था।




@सौम्या वफ़ा।©


मॉडर्न मजनूं

ये कथा है मॉडर्न
छैल छबीले मजनूं की
उसकी चंगुल में फंस गई
उड़ती फिरती स्वतंत्र लैला की
लैला के उसने पंख सजाए
 ख़ुद नए नए रंगों से
बोला उसने जब
 मैं उडूंगी अब
इतराते खुले गगन में
मजनूं ने बोला जा मेरी लैला
फुर्र फुर्र उड़ आ
सोचना ना मैं शिकारी हूं
मैं तो दिन रात करता रखवाली हूं
डालूंगा तुम्हारे गले में रस्सी
तुम उड़ आना जहां तक हो
मेरी मर्ज़ी
लैला बोली , तुम तो बड़े
मतलब के साथी हो
पंख हैं सजीले
 मगर उड़ने से कतराते हो
कहते हो आशिक़ हो
पर हरकतें तुम्हारी बनिया सी
बेहिसाब मेरे प्यार का
जोड़ तोड़ हिसाब लगाते हो
एक भी करूं पुकार मनुहार
तो कभी खीजते कभी खिसियाते
कभी बत्तीसी दिखलाते हो
लेकर गाड़ी लगाकर हैट
सूट बूट पहने झोला दाबे
हाथों में मेरा हाथ थाम
कभी पिक्चर कभी मेले में ले जाते हो
प्रॉब्लम है दिल की
पार लगाना है अनमोल ज़िन्दगी
और तुम दिखलावे को
मार्केट प्राइस में बिकता हुआ
 पैक गिफ्ट ले आते हो
अच्छी अच्छी गप गप करके
कड़वी कड़वी सब थू कर जाते हो
प्यार जताने को अंधेरे में ले जाते
सपनों के सितारे दिखलाते हो
बातें करवा लो लंबी चौड़ी
पर जिम्मेवारी नहीं उठाते
कहते हो हम हैं जीवन साथी
इधर उधर टहलाते जाते
पर हाथ मांगने कभी घर नहीं आते हो
इरादे तुम्हारे नेक नहीं
तुम होगे अंट्रू
हम ट्रू हैं फ़ेक नहीं
तुम्हारे फ़ोन का पासवर्ड
 होगा बहरूपिया
हमारा तो ओपन सीक्रेट है
कोई लॉक नहीं
समझ गई हूं तुम्हारी नियत में ही डेंट है
गट फीलिंग में मेरी दम
सेंट परसेंट है
मजनूं मेरे प्यारे
रख लो तुम अपने रंग सारे
ख़ुद को लगा लो ये रस्सी
और ख़ुद पे डालो पांसे
माना तुमने खेल रचाने में
बहुत ख़ूब मेहनत की थी
सुन लो मेरे प्राण प्यारे
ये कथा यहीं तक ही थी
तुम्हारे इस प्रेम गेम का
अब ये दी एंड है।



@सौम्या वफ़ा।©


अजायबघर

ज़िन्दगी एक कांच का अजायबघर
अजूबे की माया है
चील कौओं की लड़ाई
बंदर बांट का तराज़ू
गीदड़ की दादागिरी
शेर की सिट्टि पिट्टी गुम
चूहे की चालाकी
सांप की जकड़न
जमूरे के नाच का आंगन
जादूगर का पिटारा है
किसी के पेट की मरोड़ें
किसी के हाथ की रेखा
किसी की घिस चुकी बट्टी
किसी का टूटा सिलबट्टा
किसी के माथे का सितारा है
किसी की पिस्ती चक्की
किसी के चाक से उतरा पहिया
किसी की ऊंची उड़ान
किसी की लंबी छलांग
किसी की तेज़ रफ़्तार
किसी के आहिस्ते चलने का हुनर
किसी की झटपट धरपकड़
किसी का सधा शिकार
किसी के बच निकलने की अदा है
किसी के पंखों में सतरंगी रंग
किसी के पंख पसारना भी ज़ाया है
कोई जिए ऐसे जैसे सब है आज
कल फिर कभी होगा नहीं
कोई जिए कल - कल में
जैसे आज का मोल भाव
सेंसेक्स में जाना नहीं
किसी के ख़्वाब हकीकत हैं
किसी का ख़्वाब देखना
बेवकूफी़ का तानाबाना है
कोई उड़े लेकर जेट प्लेन
कोई उड़ जाए भरकर जेबों में बैंक
कोई दो वक़्त की रोटी लूटे
किसी की कॉफ़ी की कीमत
महीने भर का राशन है
कहीं रोल्स रॉयस ,लीमोसीन
कहीं जगुआर और वॉल्क्स वैगन है
कोई खींचे हाथ गाड़ी पर गिरस्ती
कोई पटरी के नीचे आ जाए
कोई सड़क पर ही जन दे बच्चा
कोई तोड़ कर रीढ़ खींचे
ट्राली बैग पे जच्चा
किसी को भाए पिंजरे में रहना
कोई खुली हवाओं का हमसाया है
कहने को बस नाम आदम है
फ़र्क मगर सिर्फ़ इतना है
कोई जानवर है
कोई जनावर है
किसी ने सजाया किसी ने बेचा
किसी ने पाया किसी ने गंवाया है
ज़िन्दगी एक कांच का अजायबघर
अजूबे की माया है।


सौम्या वफ़ा।©

धरती आकाश

धरती तो धरती है
जैसी की तैसी है
गिरगिट सा रंग बदले सारा आकाश
कभी धुला धुला नीला
कभी फीका काला धुंधला
कभी ग़ुलाबी कभी
सुनहरा कभी नारंगी है
धरती की वफ़ा एक तरफा
बावरी सी काटे प्रेम के चक्कर
पर आकाश का चाल चलन
अतरंगी है

कैसे निभे दोनों में
रोज़ क्षितिज पर मिलने की हो बात
धरती बैठी रहे लगाए आस
मगर आकाश के तो हैं रसीले ठाठ
चाहे जितने लगा लो जुगत उपाय

पर इधर सूरज ढला और
उधर  बिगड़ जाए हर जुगाड़
सुनाने को मिले कोई तो सुनाऊं
ये कसक की कहानी

सुनने में बड़ी सुहानी लगती है
करीबी हो कोई अगर
तो ही ये राज़ बताऊं

असल में , ये प्रेम नहीं
सदियों पुरानी रंजिश है।

आदम का हाथ नहीं
इसमें कुदरत की ही कोई साज़िश है।




@सौम्या वफ़ा।©



सोमवार, 11 मई 2020

मर्ज़ी

तुम रौंद दो हमें ये तुम्हारी मर्ज़ी है
हम बनके गुलिस्तां महकते रहेंगे ये हमारी मर्ज़ी है
माना की ख़ुशबू़ओं से इंकार
गुलों पे पर्दा
ये तुम्हारी खु़दगर्ज़ी है
हम बाग़ सजाए
 खु़शबुएं बिखेरते रहें
  ये हमारी खु़दगर्ज़ी है
  जितना चाहे बिगाड़ लो चमन की आबो हवा
हम गुल बनकर खिलते रहेंगे ये हमारी मर्ज़ी है।


सौम्या वफ़ा।©

गंगा

गंगा मा सब जना पाप धोए
गंगा के को धोई?
तारे तारिनी पापन के पाप
तारिनि के को तारन होई?
जे सुमिरन ,सेवन, हनन
हरास, त्रास सब करएं
जे गंगा सुमिरे मानुस को
ते ना कोहू पूछन वाला होए
साधुअन बड़का करैं बखान
लुच्चे लपाडी़ भी खूब बतियावें
आर्टी पार्टी के सब नेता जन
भर लैं वोटन की खदान
जे होली, दिवाली ,
इलेक्सन के बाद मा
ना कोहू को आवे धान
हर हर कर सब हर लिए
भई गंगा के प्राणन की संत्रास
गंगा की हर संतान
मैला कुचैला सब धोए डारे
धोए डारे सब पाप
अब जे गंगा मैली भई
डूब गई कारिख मा
ले सब कलुअन के पाप
के कारिख धोई गंगा के?
को करि गंगा के उद्धार?
जे पापियन अब चलैं
गंगा मा पाप धोए
पूछा पापियन से
कि गंगा के को धोई?
तारे तरिनी पापियन के पाप
तरिनि के को तारन होई?
गंगा मा सब जना पाप धोए!
गंगा के को धोई?



@सौम्या वफ़ा।